दिल्ली एयरपोर्ट पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से ज्यूरिख जाने वाली स्विस एयर की फ्लाइट SWR146 टेकऑफ के दौरान इंजन फेल होने और आग लगने की वजह से उड़ान रद्द कर दी गई।विमान के बाएं हिस्से से धुआं उठता देखा गया और दाईं ओर लैंडिंग गियर के पास आग लगने की सूचना मिली। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान को टेकऑफ के दौरान रोकना पड़ा और रनवे खाली कराया गया। इस दौरान छह यात्री घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूत्रों के मुताबिक, हादसा तब हुआ जब विमान के इंजनों में से एक काम करना बंद कर गया और टेकऑफ रोल के दौरान उसमें आग लग गई। क्रू ने तुरंत विमान को रोककर आपातकालीन निकासी की प्रक्रिया शुरू की, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इमरजेंसी घोषित की गई
दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा, ‘आज सुबह तड़के, दिल्ली एयरपोर्ट पर रनवे 28/10 पर स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ़्लाइट LX 147 (DEL-ZRH) के संबंध में पूरी तरह से इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी। सभी निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल तुरंत लागू किए गए, और यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया। एयरपोर्ट का कामकाज अप्रभावित रहा।























































