ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई: 76,800 नशीले कैप्सूल बरामद, छह तस्कर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। सहारनपुर परिक्षेत्र में मादक पदार्थों, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी और अवैध बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव तथा प्रभारी निरीक्षक नई मंडी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में थाना नई मंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 76,800 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं, जिनकी अवैध रूप से बिक्री की जानी थी।

जानकारी के अनुसार थाना नई मंडी पुलिस बिलासपुर चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति कूकड़ी ग्राउंड में बैठे हुए हैं और आपस में किसी सामान के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्धों को घेरकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उनके पास रखे कार्टूनों की जांच की गई। आरोपियों ने बताया कि कार्टूनों में दवाइयां रखी हुई हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार क्षेत्राधिकारी नई मंडी और ड्रग इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया तथा उनकी मौजूदगी में कार्टून खोले गए।

जांच के दौरान चार बड़े कार्टूनों में स्पासमोर और स्पासमेड कंपनी के कुल 76,800 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। इनमें एनआरएक्स एसीटामिनोफिन, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड तथा डाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड युक्त कैप्सूल शामिल थे, जिनका इस्तेमाल नशे के रूप में किए जाने की आशंका जताई जा रही है। बरामद दवाओं की मात्रा और प्रकृति को देखते हुए पुलिस ने इसे नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी से जुड़ा गंभीर मामला माना है। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और बरामद माल को कब्जे में ले लिया। थाना नई मंडी पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts