मुजफ्फरनगर : शाहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई मुठभेड़ के बाद 6 बदमाश गिरफ्तार,

मुजफ्फरनगर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह एवं थानाध्यक्ष शाहपुर गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार थाना शाहपुर पुलिस टीम बाबूजी फिलिंग स्टेशन के पास निरमानी गेट पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से तेज गति से आता हुआ एक छोटा हाथी वाहन दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने बैरियर में टक्कर मारते हुए वाहन को शाहपुर की दिशा में भगा लिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया।भागते हुए आरोपी निरमाना जाने वाले रास्ते की ओर मुड़ गए, जहां आगे चलकर कच्चे रास्ते पर छोटा हाथी फंस गया। इसके बाद वाहन में सवार बदमाशों ने उसे वहीं छोड़ दिया और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए मौके से भागने का प्रयास किया। बदमाशों की फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए चारों ओर से घेराबंदी की और एक बारगी दबिश देकर छह अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, चार नाजायज चाकू, 220 किलोग्राम कॉपर की कॉइल तथा घटना में प्रयुक्त एक छोटा हाथी वाहन बरामद किया गया है। बरामद वाहन का नंबर डीएल 01 एलएएम 1321 बताया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अभियुक्त कॉपर चोरी व अवैध हथियारों के जरिए आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग के बावजूद पुलिस टीम ने साहस और सूझबूझ से काम लेते हुए किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं होने दी और सभी अभियुक्तों को सुरक्षित रूप से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।फिलहाल थाना शाहपुर पुलिस द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास क्या है और वे किन-किन घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts