न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा हो गया. खराब मौसम के बीच गेट की तरफ जा रहा एयर कनाडा का एक जेट रनवे पर खड़े फायर ट्रक से टकरा गया. फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा और स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ विमान ‘एयर कनाडा एक्सप्रेस CRJ-900’ है, जो मॉन्ट्रियल से न्यूयॉर्क पहुंचा था. टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसमें चार दमकलकर्मी घायल हो गए हैं. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.अमेरिका के व्यस्त हवाईअड्डों में से एक न्यूयॉर्क के LaGuardia Airport पर ये विमान हादसा हुआ है। हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से हवाईअड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और सभी उड़ानों के संचालन को रोक दिया गया।
लैंडिंग के वक्त ट्रक से टकराया विमान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एयर कनाडा एक्सप्रेस विमान हवाईअड्डे पर उतर रहा था, तभी रनवे पर मौजूद एक ग्राउंड वाहन यानी फायर ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद विमान में सवार यात्रियों और ग्राउंड स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने टक्कर की पुष्टि की, लेकिन तत्काल कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दे सका। न्यूयॉर्क सिटी फायर विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि दमकलकर्मियों ने रात 11:38 बजे रनवे पर एक वाहन से विमान के टकराने की सूचना पर कार्रवाई की। तत्काल कोई अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध नहीं थी।
जांच में जुटे अधिकारी
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रनवे पर फायर ट्रक की मौजूदगी और विमान की आवाजाही के बीच तालमेल में कहां चूक हुई। विमानन सुरक्षा एजेंसियां और हवाईअड्डा प्रशासन संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।
उड़ान सेवा प्रभावित
इस घटना के बाद New York City के इस प्रमुख हवाईअड्डे पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि सुरक्षा जांच पूरी होने और रनवे को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही हवाईअड्डे को दोबारा खोला जाएगा।















