महाराष्ट्र: लव जिहाद रोकने के लिए मैरिज रजिस्ट्रेशन कानून में हो बदलाव,

गुजरात सरकार द्वारा कथित ‘लव जिहाद’ से जुड़े विवाह पंजीकरण नियमों में संशोधन के बाद अब महाराष्ट्र में भी इसी तरह के प्रावधान लागू करने की मांग तेज हो गई है। बीजेपी नेता किरिट सोमैया ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर गुजरात मॉडल को राज्य में लागू करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतरधार्मिक विवाह के पंजीकरण के दौरान हिंदू युवतियों के माता-पिता को अनिवार्य रूप से सूचित किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की कथित धोखाधड़ी या दबाव की स्थिति में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

गौरतलब है कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विवाह पंजीकरण प्रक्रिया में संशोधन करते हुए अब शादी करने वाले युवक-युवती के माता-पिता को भी प्रक्रिया में शामिल करने का निर्णय लिया है। प्रस्ताव के तहत विवाह पंजीकरण आवेदन के बाद 40 दिनों की अवधि पूरी होने के बाद ही अंतिम रूप से संपन्न किया जाएगा, जिससे सत्यापन और जांच के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

सोमैया का दावा है कि इस कदम से उन मामलों में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी, जहां कथित तौर पर पहचान छिपाकर या झूठे वादों के जरिए विवाह के लिए प्रेरित किया जाता है। हालांकि, इस मुद्दे पर सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के बीच मतभेद भी सामने आए हैं। कुछ संगठनों का मानना है कि ऐसे प्रावधान वयस्कों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और विवाह संबंधी अधिकारों को प्रभावित कर सकते हैं।फिलहाल महाराष्ट्र सरकार की ओर से इस मांग पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन गुजरात में हुए संशोधन के बाद अन्य राज्यों में भी इस तरह के कानून को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts