मिडिल ईस्ट में 8वें दिन महाजंग जारी, धमाकों से दहला मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट,

मिडिल ईस्ट में इस समय तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है और चल रहा सैन्य संघर्ष शनिवार को आठवें दिन में प्रवेश कर गया। तड़के पश्चिमी तेहरान में कई जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी, जब इजरायली वॉरप्लेन ने ईरान की राजधानी को निशाना बनाया।रात के अंधेरे में हुए इन हमलों से आसमान में तेज रोशनी दिखाई दी और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दराज के इलाकों तक गूंज सुनाई दी।इसी बीच क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाकर ड्रोन हमलों की घटनाएं भी सामने आई हैं। इराक के इरबिल शहर में एक होटल पर ड्रोन हमला किया गया। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इससे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हमला

तेहरान के मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी शनिवार तड़के कई जोरदार धमाके हुए, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। यह हवाईअड्डा ईरानी राजधानी के व्यस्ततम हवाई अड्डों में से एक माना जाता है। लगातार हुए धमाकों के बाद एयरपोर्ट परिसर के कई हिस्सों में आग लग गई और आसमान में धुएं के बड़े-बड़े गुबार उठते दिखाई दिए। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हमलों से एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई।सोशल मीडिया पर साझा किए गए कई वीडियो में एयरपोर्ट क्षेत्र से उठती तेज लपटें और काले धुएं के बादल साफ दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय मीडिया और क्षेत्रीय रिपोर्टों के मुताबिक धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की कई इमारतों की खिड़कियां तक हिल गईं। हालांकि अभी तक नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है और संभावित हताहतों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता

इस बीच संयुक्त राष्ट्र ने तेजी से बिगड़ती स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। यूएन प्रमुख ने चेतावनी दी है कि यह संघर्ष नियंत्रण से बाहर जा सकता है और सभी पक्षों से तुरंत कूटनीतिक समाधान की दिशा में कदम उठाने की अपील की है।

नेतन्याहू ने किया बियर-शेवा का दौरा

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को बियर-शेवा का दौरा किया, जहां हाल ही में हुए हमले से भारी नुकसान हुआ था। उनके साथ कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल दुश्मनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है और आने वाले समय में यह अभियान और तेज किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts