बुढ़ाना में मदनलाल हॉस्पिटल ने पेश की सद्भावना की मिसाल, नि:शुल्क कांवड़ सेवा शिविर में हिंदू-मुस्लिम स्टाफ ने की शिवभक्तों की सेवा

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान बुढ़ाना कस्बे में स्थित मदनलाल हॉस्पिटल एक बार फिर श्रद्धा और सेवा भावना का केंद्र बन गया है। मुजफ्फरनगर रोड पर हिंडन नदी पुल पार इस हॉस्पिटल पर हर साल की तरह इस वर्ष भी नि:शुल्क कांवड़ सेवा शिविर लगाया गया है, जिसमें हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों को नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

डॉ. सोनू कश्यप और उनकी धर्मपत्नी डॉ. सूची कश्यप के नेतृत्व में इस शिविर में कांवड़ियों की सेवा न सिर्फ समर्पण भाव से हो रही है, बल्कि सामाजिक सौहार्द का भी अनुपम उदाहरण देखने को मिल रहा है। हॉस्पिटल के हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मिलकर कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं, जो आपसी एकता और सद्भाव का सशक्त संदेश दे रहे हैं।

सेवा टीम में डॉ. शेखर कुमार, अभिनव कश्यप, अनस, मोइन, नदीम, राधिका, आसमा, सावेज, आकाश, तुषार, मोहित, ज्योति और अश्वनी जैसे कई नाम शामिल हैं, जो दिन-रात शिवभक्तों की सेवा में लगे हैं।

यह शिविर न केवल चिकित्सा सेवा का केंद्र बना है, बल्कि सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल भी बन गया है। डॉक्टर सोनू कश्यप द्वारा हर वर्ष इस प्रकार का आयोजन कर समाज में प्रेम, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया जाता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts