मुजफ्फरनगर। अपर मुख्य सचिव एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के निर्देशन में कार्यालय जिला आबकारी अधिकारी मुजफ्फरनगर में जनपद के समस्त फुटकर एवं थोक मदिरा अनुज्ञापियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला आबकारी अधिकारी द्वारा की गई, जिसमें आबकारी नीति वर्ष 2026-27 के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई और नई नीति के मुख्य बिंदुओं से सभी अनुज्ञापियों को अवगत कराया गया। बैठक का उद्देश्य आगामी वित्तीय वर्ष के लिए लाइसेंस व्यवस्था, शुल्क संरचना, नवीनीकरण प्रक्रिया और देयताओं के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान करना रहा।
बैठक में सर्वप्रथम वर्ष 2026-27 की आबकारी नीति के अंतर्गत देशी शराब, कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप तथा भांग की दुकानों के लिए निर्धारित वार्षिक एमजीक्यू, एमजीआर, बेसिक लाइसेंस फीस, लाइसेंस फीस, प्रोसेसिंग फीस एवं नवीनीकरण शुल्क आदि के आगणन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। अधिकारियों ने बताया कि नई नीति में राजस्व लक्ष्य और बिक्री मानकों को ध्यान में रखते हुए शुल्क संरचना तय की गई है, ताकि पारदर्शिता और राजस्व संग्रहण दोनों सुनिश्चित हो सकें। इसके साथ ही थोक अनुज्ञापनों के लिए वर्ष 2026-27 में लाइसेंस फीस में हुए बदलाव की जानकारी भी दी गई और स्पष्ट किया गया कि संशोधित दरें नियमानुसार प्रभावी होंगी।समस्त फुटकर अनुज्ञापियों से अपील की गई कि वे अधिकाधिक दुकानों का समय पर नवीनीकरण कराएं, जिससे प्रशासनिक प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके। अधिकारियों ने विशेष रूप से वर्ष 2025-26 की दुकानों से संबंधित सभी लंबित देयताओं को तत्काल बेबाक कराने के निर्देश दिए, ताकि नवीनीकरण में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन अनुज्ञापियों की बकाया धनराशि शेष रहेगी, उनके आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नवीनीकरण की समय-सारणी से सभी को अवगत कराते हुए आवश्यक प्रपत्रों को समय रहते तैयार करने और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के तहत निर्धारित पोर्टल पर आवेदन प्रस्तुत करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने तकनीकी प्रक्रिया, दस्तावेज अपलोड करने की विधि तथा शुल्क जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की, ताकि किसी को असुविधा न हो। बैठक के अंत में उपस्थित अनुज्ञापियों से प्रश्न आमंत्रित किए गए, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। सभी बिंदुओं पर संतोषजनक चर्चा के बाद धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन किया गया।















