छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए. सुरक्षा बलों के 4 जवान भी गंभीर रूप से घायल हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के जंगल में बीजापुर और नारायणपुर से लगी महाराष्ट्र की सीमा पर रविवार सुबह उस समय मुठभेड़ शुरू हो गई, जब सुरक्षाकर्मियों की एक टीम एंटी-नक्सल ऑपरेशन पर थी. बस्तर पुलिस ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है.
बस्तर पुलिस ने कहा कि मारे गए नक्सलियों की संख्या ज्यादा भी हो सकती है. मुठभेड़ की जगह से ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए गए हैं. छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बल लगातार नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं. डीआरजी बीजापुर, एसटीएफ, सी-60 के जवान इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं. पिछले महीने छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए थे. इनमें 90 लाख का इनामी नक्सली चलपति भी शामिल था.















