रांची। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें फिर से बढ़ सकती हैं। चारा घोटाले से जुड़े एक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा सजा बढ़ाने की मांग पर झारखंड हाईकोर्ट ने सुनवाई के लिए याचिका स्वीकार कर ली है।
सीबीआई का कहना है कि लालू प्रसाद को दी गई सजा अपर्याप्त है और मामले की गंभीरता को देखते हुए इसमें वृद्धि की जानी चाहिए। एजेंसी ने इस संबंध में हाईकोर्ट में पुनरीक्षण याचिका दाखिल की थी, जिस पर अब अदालत सुनवाई को तैयार हो गई है।
इस मामले में अदालत की अगली सुनवाई की तारीख जल्द तय होने की संभावना है। राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर उस समय जब राज्य में चुनावी माहौल गरमा रहा है।
गौरतलब है कि लालू यादव पहले ही चारा घोटाले के कई मामलों में दोषी करार दिए जा चुके हैं और उन्हें सजा भी मिल चुकी है। हालांकि, उन्हें स्वास्थ्य के आधार पर फिलहाल जमानत मिली हुई है। अब अगर कोर्ट सीबीआई की मांग मान लेती है, तो उन्हें एक बार फिर जेल की हवा खानी पड़ सकती है।















