शाहपुर क्षेत्र के ग्राम शाहजुद्दी में चल रही भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथा व्यास पूज्य संजय वशिष्ठ महाराज ने भगवान के विभिन्न अवतारों का वर्णन करते हुए भक्तों को कृष्ण जन्म की महिमा सुनाई। उन्होंने बताया कि भगवान भक्तों की रक्षा और लोक कल्याण के लिए समय-समय पर पृथ्वी पर अवतरित होते हैं।
इस अवसर पर बामन अवतार और राजा बलि की कथा का विस्तार से वर्णन किया गया। महाराज ने समझाया कि हर युग में भगवान अलग-अलग रूपों में प्रकट होकर धर्म की स्थापना करते हैं। जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए झूमकर नृत्य किया।
गांव के पुरुष, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में इस आयोजन में शामिल हुए। कृष्ण जन्म की मंगल वेला में श्रद्धालुओं ने ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष के साथ उत्सव को उल्लासपूर्ण बना दिया।
कथा के दौरान भजन संध्या का आयोजन भी हुआ, जिसमें भक्तों ने भक्ति रस में डूबकर प्रभु का स्मरण किया। कथा समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। आयोजकों ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए धर्म प्रचार को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।















