बुढ़ाना। कस्बे के विज्ञाना रोड स्थित एमआई क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर चल रही चैलेंजर ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार का दिन रोमांच से भरपूर रहा। आरसीबी टीम और किंग्स 11 के बीच खेले गए इस मुकाबले को देखने के लिए सुबह से ही दर्शकों की भारी भीड़ मैदान पर उमड़ पड़ी। ग्राउंड चारों तरफ से खचाखच भरा नजर आया और हर चौके-छक्के पर दर्शकों की तालियां गूंजती रहीं। मैच की शुरुआत आरसीबी टीम बुढ़ाना के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले के साथ हुई। निर्धारित 20 ओवरों में आरसीबी टीम 10 विकेट खोकर सिर्फ 92 रन ही बना सकी। टीम की ओर से बल्लेबाज मारूफ ने जिम्मेदारी दिखाते हुए 34 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 39 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। हालांकि अन्य बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके और टीम को साधारण स्कोर पर ही रुकना पड़ा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स 11 की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज़ अपनाया। ओपनर गौतम जाटव और सचिन त्यागी ने पारी को संभाला, हालांकि सचिन त्यागी जल्द ही आउट हो गए। इसके बाद किंग्स 11 के बल्लेबाज आदिल राणा क्रीज पर आए और आते ही अपनी विस्फोटक बैटिंग से माहौल गर्म कर दिया। उन्होंने 20 गेंदों में 4 छक्के और 2 चौकों की बदौलत 43 रनों की तेज-तर्रार पारी खेली। वहीं गौतम जाटव ने भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 22 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 39 रन जोड़े और टीम को आसान जीत की ओर आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों की जोड़ी ने मिलकर मैच को एकतरफा बना दिया।
मगर इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा किंग्स 11 के घातक गेंदबाज मौसम उर्फ रमता की रही। उन्होंने बुढ़ाना क्रिकेट इतिहास में एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जिसे तोड़ना लंबे समय तक किसी भी गेंदबाज के लिए आसान नहीं होगा। मौसम ने 4 ओवर की अपनी गेंदबाजी में 3 ओवर मेडन फेंकते हुए सिर्फ 1 रन खर्च किया। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और घातक गेंदों ने आरसीबी टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनकी रिकॉर्डतोड़ गेंदबाजी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और विरोधी बल्लेबाजों को चने चबवाने पर मजबूर कर दिया।
मैच समाप्त होने के बाद मौसम उर्फ रमता को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। ग्राउंड में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। किंग्स 11 के कप्तान लालू उस्मानी, नाजिम उस्मानी, तोहिद उस्मानी, साकिब त्यागी, सचिन त्यागी, आदिल राणा, ताजीम, इमरान, फरमान उस्मानी, शाहरुख उस्मानी तथा अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से मौसम को 551 रुपए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि शनिवार को खेले गए मुकाबले में केकेआर टीम ने फाइटर क्लब के खिलाफ 20 ओवरों में 234 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करते हुए बड़ी जीत हासिल की थी। उस मैच में केकेआर टीम के कप्तान सलमान राणा ने 35 गेंदों में ताबड़तोड़ 84 रनों की पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता था। अब सोमवार को एमआई क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर केकेआर टीम और राइजिंग स्टार बुढ़ाना के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा, जिसे लेकर दर्शकों में उत्साह देखने को मिल रहा है।















