आजम से खाली कराए स्कूल में चलेगा खुर्शीद इंटर कॉलेज, प्रशासन ने लगाया बोर्ड, आरपीएस की लीज की थी समाप्त

सीतापुर जेल में बंद सपा नेता आजम खां के रामपुर पब्लिक स्कूल (आरपीएस) गर्ल्स विंग के खाली भवन में अब राजकीय खुर्शीद कन्या इंटर कॉलेज संचालित होगा। स्कूल में शिफ्टिंग करने का कार्य शुरू हो गया है।काॅलेज की 11 सौ से ज्यादा छात्राएं अब इस नए भवन में पढ़ सकेंगी। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से कवायद तेज कर दी गई है।

भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने शासन से शिकायत की थी कि आजम खां के जौहर ट्रस्ट को आवंटित पुराने मुर्तजा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रामपुर पब्लिक स्कूल संचालित हो रहा है। शिकायत में कहा गया था कि ट्रस्ट को जिन शर्तों पर जमीन आवंटित की गई थी, उन शर्तों का उल्लंघन हो रहा है।

जांच में शिकायत सही मिलने प्रदेश सरकार ने जौहर ट्रस्ट को आवंटित की शिक्षा विभाग की जमीन की लीज को निरस्त कर दिया था। इसके बाद जमीन पर संचालित आरपीएस के भवन को 9 नवंबर 2023 को माध्यमिक शिक्षा विभाग ने खाली करा लिया था। भवन खाली कराने के बाद किला परिसर स्थित राजकीय खुर्शीद कन्या इंटर काॅलेज शिफ्ट करने का फैसला लिया गया था।

इसके लिए अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने जनवरी 2024 को आदेश जारी करते हुए कहा था कि पुराने मुर्तजा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के भवन के 46 कक्षों में राजकीय खुर्शीद कन्या इंटर कॉलेज स्थानांतरित कर दिया जाए। आदेश के बाद से अब इस पर अमल शुरू हो गया है।

शिक्षा विभाग ने अब खुर्शीद इंटर कॉलेज से फर्नीचर व अन्य सामान को शिफ्ट करना शुरू कर दिया। जल्द ही यहां पर पढ़ाई शुरू हो जाएगी। 11 सौ छात्राएं इस कालेज में फिलहाल पढ़ाई कर रही हैं, जिन्हें अब इस भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा।

लीज की शर्तों का उल्लंघन करने पर जौहर ट्रस्ट को आवंटित भवन जिसमें आरपीएस (गर्ल्स विंग) का संचालन हो रहा था, उसे खाली करा लिया गया था। अब इसमें राजकीय खुर्शीद कन्या इंटर कॉलेज शिफ्ट किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही इसमें पढ़ाई शुरू करा दी जाएगी। – मुन्ने अली, जिला विद्यालय निरीक्षक

रजा लाइब्रेरी को दिया सकता है पुराना खुर्शीद कॉलेज भवन

किला परिसर स्थित राजकीय खुर्शीद इंटर काॅलेज के भवन को खाली होने के बाद रजा लाइब्रेरी को दिया जा सकता है। रजा लाइब्रेरी का सौंदर्यीकरण होना है। इसके लिए शासन की ओर से धनराशि जारी की जा चुकी है। रजा लाइब्रेरी का विस्तार कराने की दिशा में किला परिसर के ज्यादातर भवनों को लाइब्रेरी प्रशासन को देने की कवायद की जा रही है।

इसी क्रम में किले में स्थित खुर्शीद कॉलेज के भवन को आरपीएस में शिफ्ट कराया जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक खुर्शीद कॉलेज के भवन को रजा लाइब्रेरी को देने के बाद कई अन्य भवन भी यहां से शिफ्ट किए जा सकते हैं। जिसमें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के साथ ही राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और कई सरकारी विभाग भी शामिल हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts