मुजफ्फरनगर: लघु सिंचाई विभाग द्वारा जनपद के खतौली विकास खंड के ग्राम सठएडी, मनव्वरपुर कला और मंसूरपुर में राज्य भूजल निधि के अंतर्गत तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर एसडीएम खतौली, मोनालिसा जौहरी ने अधिशासी अभियंता (लघु सिंचाई) महेंद्र सिंह के साथ संयुक्त रूप से इन तालाबों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित लेखपाल से सरकारी तालाबों की पैमाइश कराई गई और तालाब के रकबे को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। सत्यापन के समय अवर अभियंता (लघु सिंचाई) और साइट इंचार्ज भी उपस्थित थे।एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने कहा कि इस तरह का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि, जैसे तालाब और ग्राम समाज की संपत्ति पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।















