मुजफ्फरनगर। भारत सरकार के निर्देशानुसार 19 दिसंबर 2024 से 24 दिसंबर 2024 तक सुशासन सप्ताह के अंतर्गत “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में तहसील खतौली के ग्राम मढ़करीमपुर में “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विकास, आपूर्ति, समाज कल्याण, राजस्व, कृषि, विद्युत, पेंशन आदि विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही किया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय किसानों और अन्य ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। लोगों ने बताया कि इस कार्यक्रम से उन्हें काफी लाभ हुआ है, क्योंकि समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही त्वरित रूप से किया गया। कार्यक्रम के दौरान पात्र व्यक्तियों को कंबल वितरित किए गए।
“प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की मांग की।















