कठूमर उपखंड मुख्यालय पर रविवार को आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन विधायक रमेश खींची ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन पर कहा कि आयुष्मान आरोग्य कार्ड और केंद्र सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, इसके लिए प्रचार-प्रसार और प्रशासन के साथ सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जब रोगी को रेफर किया जाता है तो उसका शोषण होता है, और चिकित्सा कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीज को रेफर करते समय उसे सभी सुविधाएं निशुल्क मिलनी चाहिए, जिससे उसका हक सुनिश्चित हो। किसी भी कमी की स्थिति में उच्च अधिकारियों को अवगत कराना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब अंतिम व्यक्ति को निशुल्क चिकित्सा लाभ मिलेगा, तभी सरकार का उद्देश्य सार्थक होगा।इस दौरान एसडीएम श्याम सुंदर चेतीवाल ने आयुष्मान आरोग्य कार्ड और अन्य योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि शिविर के बाद फॉलोअप शिविर लगाए जाएंगे ताकि कोई भी व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
शिविर का आयोजन चिकित्सा प्रभारी जवाहर सैनी के सानिध्य में किया गया। इस मौके पर बीसीएमओ रविराज वर्मा, नपाध्यक्ष शेर सिंह मीना, भाजपा वरिष्ठ नेता गोपेश भारद्वाज, युवा समाजसेवी सोमेश्वर चौधरी, सुनील बजाज, मुरारी नाटोज, दिनेश गुर्जर, चिकित्सा सतीश चौधरी, योगेश सैनी, कृष्ण कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।















