पुरकाजी। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की कांवड़ को कस्बे के खादर चौराहे पर एक पिकअप वाहन से हल्की साइड लग जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। नाराज़ कांवड़ियों ने हंगामा करते हुए पिकअप वाहन को घेर लिया और डंडों से हमला कर उसके सभी शीशे तोड़ दिए। घटना के चलते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार नवीन, प्रिंस और नवनीत अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कांवड़ खादर चौराहे पर पहुँची, उसी दौरान एक पिकअप वाहन से हल्का संपर्क हो गया। इससे आक्रोशित कांवड़ियों ने विरोध जताते हुए वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। देखते ही देखते वाहन के सभी शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कांवड़ियों को समझाकर वहां से रवाना किया तथा उन्हें थाना क्षेत्र की सीमा तक सुरक्षित पहुंचाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मामले की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
























































