मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड सीधी भर्ती-2025 के तहत जनपद मुजफ्फरनगर में चल रही अभिलेख सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) प्रक्रिया का बुधवार को भर्ती बोर्ड के नोडल अधिकारी एवं पुलिस महानिरीक्षक (सेवानिवृत्त) आर.के. चतुर्वेदी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचकर निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जाए। निरीक्षण के दौरान अभिलेख सत्यापन केंद्र, शारीरिक मानक परीक्षण स्थल और अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने भर्ती ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों से प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की और कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, पक्षपात या अनियमितता बिल्कुल स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभ्यर्थियों के साथ समान व्यवहार किया जाए तथा चयन केवल योग्यता और निर्धारित नियमों के आधार पर ही सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान भर्ती केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही भर्ती स्थल पर अनुशासन बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। नोडल अधिकारी आर.के. चतुर्वेदी और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा रही है तथा प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि योग्य और पात्र अभ्यर्थियों का चयन पूरी ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ किया जाएगा। मुजफ्फरनगर पुलिस प्रशासन के अनुसार जनपद में होमगार्ड सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत अभिलेख सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है और पूरी भर्ती प्रक्रिया पर वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार नजर बनी हुई है, जिससे चयन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।























































