मुज़फ्फरनगर। कांवड़ यात्रा 2025 को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक तैयारियों को लेकर खतौली तहसील क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने उप जिलाधिकारी खतौली के साथ मिलकर मुख्य कांवड़ मार्गों और शिविर स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारीगण ने नावला कोठी, नहर पुल, खतौली, सठेड़ी और नहर पटरी मार्ग जैसे प्रमुख कांवड़ मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और बिजली व्यवस्था को गहनता से परखा। उन्होंने शिविरों में ठहरने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए साफ-सुथरे शौचालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वच्छ पेयजल, रोशनी और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को चेताया कि व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई न हो। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिवभक्तों व कांवड़ यात्रियों से भी संवाद किया। यात्रियों से यातायात नियमों का पालन करने, शांतिपूर्वक यात्रा पूरी करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस या प्रशासन से संपर्क करने की अपील की गई।प्रशासन की ओर से कहा गया कि जनपद में आने वाले कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सेवा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरी तत्परता के साथ किए जा रहे हैं। हर स्तर पर समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कांवड़ यात्रा का संचालन सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से हो सके।इस निरीक्षण अभियान के दौरान उप जिलाधिकारी खतौली राजकुमार, तहसीलदार खतौली तथा संबंधित पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि श्रद्धालुओं की हर जरूरत का ध्यान रखा जाएगा और उनकी यात्रा पूरी श्रद्धा व सुरक्षा के साथ सम्पन्न कराई जाएगी।















