भास्कर न्यूज उत्तर प्रदेश उत्तराखंड ।
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कंपोजिट स्कूल डूंगर में स्कूल के प्रभारी प्रधान अध्यापक चौधरी जमील अहमद के नेतृत्व में हर घर तिरंगा के अंतर्गत काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव आयोजित किया गया। जिसमें स्वतंत्रता सेनानियों व देश के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी दी गई। अध्यापकों व बच्चों द्वारा रैली भी निकाली गई। रैली के दौरान काकोरी ट्रेन एक्शन के शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, अशफाकुल्ला खां व ठाकुर रोशन सिंह अमर रहे, वीर शहीदों का बलिदान याद करेगा हिंदुस्तान जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए। स्कूल प्रभारी ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी अभियान के अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों द्वारा ब्रिटिश राज के विरुद्ध भयंकर युद्ध छेड़ने की इच्छा से हथियार खरीदने के लिए ब्रिटिश सरकार का ही खजाना लूटने की एक ऐतिहासिक घटना थी। जो 9 अगस्त 1925 को घटी। जिसे आज सौ वर्ष हो गए। हिंदुस्तान रिपब्लिक एसोसिएशन के 10 सदस्यों ने पूरी घटना अंजाम दी और क्रांतिकारियों द्वारा चलाए गये स्वतंत्रता के आंदोलन को गति देने को धन की व्यवस्था की जरूरत के लिए हुई बैठक में राम प्रसाद बिस्मिल ने अंग्रेजी सरकार का खजाना लूटने की योजना भी बनाई थी।















