बिहार के जहानाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कनौदी स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में महज 5 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बुलाकी बिगहा गांव निवासी धनंजय कुमार के बेटे आशू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशू को महज 10 दिन पहले ही बेहतर शिक्षा और भविष्य की उम्मीद में इस निजी स्कूल के हॉस्टल में भर्ती कराया गया था, लेकिन परिजनों को क्या पता था कि वही जगह उनके बच्चे के लिए मौत का कारण बन जाएगी।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने पटना-गया NH-22 को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे स्कूल प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, लेकिन स्थानीय अधिकारियों ने मीडिया को विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया है। इस दर्दनाक वारदात ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।















