दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स का चक्का जाम! सुबह से किसी भी हवाई जहाज ने नहीं भरी उड़ान,

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर एक बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। इसके कारण शुक्रवार सुबह से ही उड़ानें रोक दी गई हैं। कई फ्लाइट एयरपोर्ट पर खड़ी हैं और उड़ान नहीं भर पा रही हैं।एक यात्री ने सुबह करीब 6:30 बजे एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि वह पिछले डेढ़ घंटे से ज्यादा समय से फ्लाइट में बैठे हैं और अभी तक इसने उड़ान नहीं भरी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक समस्या एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) सिस्टम में खराबी के कारण आई है। यह वो सिस्टम है जो हवाई जहाजों को उड़ने और उतरने की इजाजत देता है।मोहित सिंह राठौड़ नाम के एक शख्स ने एक्स पर लिखा है, ‘एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में यात्री आईजीआई एयरपोर्ट (T1) पर डेढ़ घंटे से ज्यादा समय से फंसे हुए हैं। पायलट के मुताबिक, यह देरी ATC सिस्टम फेल होने की वजह से हुई है। पायलट ने बताया कि इस खराबी के कारण कोई भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर पा रही है। लेकिन यात्री हैरान हैं क्योंकि वे साफ देख सकते हैं कि उसी रनवे से दूसरे हवाई जहाज उड़ रहे हैं।’

सुरक्षा और समय दांव पर

उन्होंने लिखा है कि आज के जमाने में जब टेक्नोलॉजी इतनी आगे बढ़ चुकी है, ऐसे में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एटीसी सिस्टम का फेल होना और ऑपरेशन का इतने लंबे समय तक रुक जाना बहुत हैरान करने वाला है। ऐसे महत्वपूर्ण सिस्टम में क्या कोई बैकअप प्लान या सुरक्षा का इंतजाम नहीं है? यात्रियों को पूरी जानकारी और समय पर सूचना मिलनी चाहिए, खासकर जब उनकी सुरक्षा और फ्लाइट का समय दांव पर लगा हो।

एडवाइजरी जारी

दिल्ली एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा है कि एटीसी सिस्टम में खराबी के कारण आईजीआई एयरपोर्ट पर फ्लाइट में देरी हो रही है। एडवाइजरी में कहा गया है कि यात्री अपडेट के लिए अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें।

इंडिगो ने जताया खेद

दिल्ली एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट से सफर कर रही नेहा नाम की एक यात्री ने एक्स पर बताया कि उनकी फ्लाइट सुबह 6:10 बजे की थी। लेकिन अभी तक उड़ान नहीं भर पाई है। उन्होंने बताया कि पायलट ने कहा है कि अभी करीब एक घंटा और लगेगा। नेहा ने नाराजगी जताई क्योंकि उन्हें सुबह 10:30 बजे कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी है।

नेहा की इस पोस्ट पर इंडिगो ने खेद जताया और कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर एटीसी समस्या के कारण फ्लाइट उड़ने में देरी हो रही है। इंडिगो ने लिखा, ‘असुविधा के लिए खेद है। दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक जाम होने की वजह से फ्लाइट में देरी हुई है। हम आपको यकीन दिलाते हैं कि हमारी टीम जल्द से जल्द विमान को उड़ाने की पूरी कोशिश कर रही है। इस बीच आपके सहयोग की हम सराहना करते हैं।

पहले भी आई हैं समस्याएं

यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली एयरपोर्ट पर इस तरह की समस्या आई है। इस हफ्ते की शुरुआत में एयरपोर्ट ने स्वीकार किया था कि एक तकनीकी खराबी के कारण कुछ एयरलाइंस को चेक-इन प्रक्रियाओं में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। एयरपोर्ट पर तकनीकी समस्या यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बार-बार होने वाली इन दिक्कतों से यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts