क्या रूस-यूक्रेन युद्ध की ओर बढ़ रहा है अंत? फ्लोरिडा में ट्रंप–जेलेंस्की की अहम मुलाकात

रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तौर पर आज अमेरिका के फ्लोरिडा में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात होने जा रही है। यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब युद्धविराम और शांति स्थापना को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बढ़ता जा रहा है और दोनों पक्षों के बीच कूटनीतिक समाधान की संभावनाओं पर चर्चा तेज हो गई है।जेलेंस्की ने इस मुलाकात से पहले स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि उनकी अमेरिका यात्रा के दौरान कोई ठोस समझौता हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर शांति का कोई वास्तविक और व्यवहारिक अवसर सामने आता है, तो यूक्रेन इसके लिए पूरी तरह तैयार है। उनके इस बयान को युद्ध समाप्ति की दिशा में सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि ट्रंप और जेलेंस्की के बीच होने वाली इस बैठक में यूक्रेन-रूस युद्ध को समाप्त करने के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा होगी। खास तौर पर 20-प्वाइंट वाले शांति ढांचे और सुरक्षा गारंटी समझौते पर बातचीत का केंद्र रहने की संभावना है। जेलेंस्की के अनुसार, इस प्रस्तावित योजना का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे लगभग अंतिम रूप दिया जा रहा है।इस बैठक में यूक्रेन के लिए दीर्घकालिक सुरक्षा गारंटी, रूस के साथ संभावित युद्धविराम की शर्तें, सीमाओं की सुरक्षा, नाटो और अमेरिका की भूमिका, तथा युद्ध के बाद पुनर्निर्माण जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा, यह भी तय किया जा सकता है कि अमेरिका भविष्य में यूक्रेन को किस तरह की सैन्य, आर्थिक और कूटनीतिक सहायता देता रहेगा।बैठक की घोषणा करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि नए साल से पहले कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं, क्योंकि अमेरिका युद्ध समाप्त करने के प्रयासों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि यूक्रेन और अमेरिका के बीच सुरक्षा गारंटी को लेकर एक अलग समझौता लगभग तैयार है, जो भविष्य में किसी भी संभावित खतरे से यूक्रेन की रक्षा सुनिश्चित करने में मदद करेगा।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुलाकात भले ही तुरंत युद्ध समाप्त न करे, लेकिन यह शांति प्रक्रिया को नई दिशा दे सकती है। दुनिया की नजरें अब फ्लोरिडा में होने वाली इस बातचीत पर टिकी हैं, क्योंकि इसके नतीजे रूस-यूक्रेन युद्ध के भविष्य को तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts