जयपुर एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स पुलिस मुख्यालय की टीम ने साइबर ठगी के एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। जयपुर के वैशाली नगर इलाके में सिरसी रोड से स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक युवक, यशवंत सिंह पंवार (21), को 61 एक्टिव मोबाइल सिम और दो मोबाइल सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपी दुबई में बैठे गिरोह के सरगना के निर्देश पर अरुणाचल प्रदेश और असम से फर्जी सिम मंगवाता था।
एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, दिनेश एमएन, ने बताया कि अपराधी गिरोहों, गैंगस्टरों और वांछित बदमाशों की धरपकड़ के लिए विभिन्न टीमों को सूचनाएं एकत्रित करने के लिए भेजा गया है। एएसपी सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर राम सिंह नाथावत की टीम को सूचना मिली थी कि असम से बड़ी संख्या में मोबाइल सिम फ्लाइट के जरिए जयपुर मंगवाई जा रही हैं। इस सूचना की पुष्टि के लिए सब-इंस्पेक्टर प्रताप सिंह, एएसआई बनवारी लाल, हेड कांस्टेबल महेश, महावीर, देवेंद्र सिंह, गंगाराम, जितेंद्र, गोपाल धाबाई, विजय सिंह और चालक दिनेश शर्मा सहित एक टीम को रवाना किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर वैशाली थाना पुलिस को सिरसी रोड पर बुलाया गया। वहां चाय की थड़ी पर खड़े एक संदिग्ध युवक ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। युवक की तलाशी में उसके पास से 61 मोबाइल सिम और दो मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में यशवंत सिंह ने खुलासा किया कि ये सिम उसके साथी अभिषेक उर्फ अन्ना (निवासी लालरपुरा, जयपुर) ने असम से कोरियर के जरिए भिजवाई थीं। अभिषेक वर्तमान में दुबई में साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार चला रहा है।
गिरोह ने जयपुर में एक ऑफिस बना रखा था, जहां सिम बॉक्स की मदद से 30-40 सिम एक साथ सक्रिय की जाती थीं। इन सिमों को दुबई में स्थित साइबर ठगी कॉल सेंटर से जोड़ा जाता था, जहां से ठगी के लिए विभिन्न गेमिंग ऐप्स और अन्य प्लेटफार्मों का इस्तेमाल किया जाता था।
यशवंत सिंह से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए, जिनमें योगेंद्र खिंची उर्फ रोनी, पंजाब निवासी गुरु, हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी इंद्र, जतिन और हरमीत सिंह शामिल हैं। इनके पास और भी फर्जी सिम होने की आशंका है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में एएसपी सिद्धांत शर्मा, इंस्पेक्टर राम सिंह नाथावत, हेड कांस्टेबल हेमंत शर्मा, सब-इंस्पेक्टर प्रताप सिंह, एएसआई बनवारी लाल, हेड कांस्टेबल महेश, महावीर, देवेंद्र सिंह, गंगाराम, जितेंद्र, गोपाल धाबाई, विजय सिंह और चालक दिनेश शर्मा की विशेष भूमिका रही। वैशाली नगर थाना टीम में एएसआई माल सिंह, कांस्टेबल भंवरलाल, जय किशन, विक्रम सिंह और सरदार सिंह भी शामिल थे।















