मंसूरपुर में परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान, परमिट एक्सपायर मिलने पर टूरिस्ट बस सीज, 81,800 का जुर्माना

मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर क्षेत्र में परिवहन विभाग की टीम ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क से गुजरने वाले कई वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। चेकिंग के दौरान HR 55 AG 1330 नंबर की एक टूरिस्ट बस को रोका गया और उसके कागजात की जांच की गई। जांच के दौरान बस का परमिट एक्सपायर पाया गया, जिस पर परिवहन विभाग की टीम ने तत्काल कड़ी कार्रवाई करते हुए बस को सीज कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि बस निर्धारित मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की शर्तों को पूरा नहीं कर रही थी, जिसके चलते नियमों के तहत कार्रवाई की गई।इस दौरान परिवहन विभाग की टीम ने सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों की भी गहन जांच की। बिना मानकों के संचालित होने वाले और ओवरलोड चल रहे वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। वाहन चालकों से फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के चालान भी काटे गए। टूरिस्ट बस के मामले में विभाग ने 81,800 रुपये का जुर्माना भी लगाया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।चेकिंग अभियान के दौरान सड़क से गुजरने वाले कई वाहन चालक अचानक हुई सख्ती से घबरा गए और कुछ वाहन चालक रास्ता बदलकर निकलने की कोशिश करते भी दिखाई दिए।

परिवहन अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा ने स्पष्ट रूप से कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सभी वाहन चालकों की जिम्मेदारी है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।जिस टूरिस्ट बस को सीज किया गया था, उसमें बैठे यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से दूसरे वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे चेकिंग अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts