मुजफ्फरनगर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर व ग्रामीण क्षेत्राधिकारी, अपराध, यातायात विभाग के अधिकारी तथा समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी की शुरुआत पुलिस बल द्वारा स्वागत और सलामी से हुई। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक ने शराब, खनन, गौकश/गौतस्कर, भूमाफिया व मादक पदार्थ तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा की। इसके अलावा मिशन शक्ति और साइबर जागरूकता अभियान के तहत हो रही कार्यवाही की समीक्षा की गई। लंबित विवेचनाओं, विशेषकर एससी-एसटी एक्ट, महिला अपराध और पोक्सो एक्ट से संबंधित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बनाने के लिए अधिनस्थ अधिकारियों को विशेष सतर्कता रखने, संवेदनशील स्थानों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने, गश्त और फुट पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारी मंडलों और धर्मगुरुओं के साथ संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस का व्यवहार सजग, संवेदनशील और मित्रवत होना चाहिए ताकि जनता को सुरक्षा का भरोसा मिले।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा व तत्परता से निभाए।

















