बांदा: जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जनपद के अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के आदेशानुसार आगामी जून 2025 से ई-ऑफिस प्रणाली के तहत सभी कार्यों का संचालन शुरू होना है। इस संदर्भ में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे एक सप्ताह के भीतर अपने विभाग का वीपीएन इशू कराकर ई-प्रणाली अपनाने की कार्यवाही करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभागों ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने यह भी बताया कि जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय द्वारा 16 मई 2025 तक विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, और सभी कार्यालयों में जून से ई-ऑफिस प्रणाली लागू की जाएगी। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य और अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।















