मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। जनपद में कुल 2383 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा के सफल संचालन हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी पूर्व में आयोजित परीक्षाओं की तरह इस परीक्षा को भी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें तथा बीएड प्रवेश परीक्षा की बुकलेट में दिए गए दिशा-निर्देशों को भलीभांति पढ़कर उसी के अनुसार कार्य करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी कमियों को दूर कराने के निर्देश दिए। वहीं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, जनरेटर, पंखे, सीसीटीवी कैमरे, महिला एवं पुरुष शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा शुरू होने से पहले और परीक्षा समाप्ति तक सभी सीसीटीवी कैमरे लगातार संचालित रहें। ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारियों को आईडी कार्ड उपलब्ध कराने तथा परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक व्यक्तियों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और पर्चियां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अभ्यर्थियों का परीक्षा से पूर्व बायोमेट्रिक सत्यापन और मुख्य द्वार पर सघन जांच अनिवार्य करने को कहा गया। परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे चलाए जाएं और शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह ने भी अधिकारियों को परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्य विश्वविद्यालय झांसी के प्रतिनिधि, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।























































