मुजफ्फरनगर। जानसठ तहसील में जिलाधिकारी और पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, नगर पंचायत, श्रम विभाग, पेंशन, विद्युत विभाग, सड़क आदि से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने शिकायत रजिस्टर का अवलोकन किया और शिकायतकर्ताओं से फोन पर बातचीत कर फीडबैक लिया। वन विभाग की पूर्व शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान फॉरेस्टर के संतोषजनक जवाब न देने और वनाधिकारी की अनुपस्थिति पर दोनों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं लाते हैं और शिकायतों का सही समाधान नहीं करते हैं, तो उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ अधिकारियों की लापरवाही से जनपद की रैंकिंग खराब हुई है, जिसे सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया गया कि वे मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लें और शिकायत निस्तारण की तस्वीर भी अपलोड करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी जानसठ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी जानसठ और भोपा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।















