मुजफ्फरनगर में जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी उमेश मिश्रा ने निरीक्षण किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना प्रगणकों और सुपरवाइजरों को उनकी जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली तथा गणना प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि जनगणना कार्य को पूरी सटीकता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध प्रशिक्षण सामग्री तथा प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण दे रहे अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की स्पष्ट और व्यवहारिक जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि गणना कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए, इसलिए प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर देश में विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। ऐसे में इसकी सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें, जिससे जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन दिनों तक आयोजित किया जा रहा है और जनपद की चारों तहसीलों के लिए अलग-अलग केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसी क्रम में सदर तहसील का प्रशिक्षण कार्यक्रम एसडी पब्लिक स्कूल, भोपा रोड पर आयोजित किया गया, जहां जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गजेंद्र कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर प्रवीण द्विवेदी भी उपस्थित रहे।

इसी प्रकार एसडी पब्लिक स्कूल, जानसठ रोड में तहसील खतौली के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण ने किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी खतौली ललित मिश्रा और तहसीलदार खतौली भी मौजूद रहे।

जनपद के अन्य प्रशिक्षण केंद्रों पर भी अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। माउंट लिटेरा जी स्कूल में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया, जबकि जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में तहसीलदार जानसठ श्रद्धा गुप्ता ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts