डेयरी कॉन्क्लेव में योजनाओं की जानकारी.

मुजफ्फरनगर में दुग्ध शाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “स्वर्ण महोत्सव” के तहत डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में पशुपालन विभाग और दुग्ध शाला विकास विभाग के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। सम्मेलन का शुभारंभ सेवानिवृत्त निदेशक, पशुपालन विभाग उत्तराखंड डॉ. प्रेम कुमार तथा जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और आधुनिक डेयरी प्रबंधन की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था। इस दौरान नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना, मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना तथा मुख्यमंत्री पशुपालक प्रोत्साहन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। डॉ. प्रेम कुमार ने वैज्ञानिक पशुपालन, बेहतर नस्ल, संतुलित आहार और डेयरी व्यवसाय की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने पशुओं में होने वाली संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी दी।

एसएमआई लेखराज सिंह ने दुग्ध समितियों, डेयरी क्षेत्र में उपलब्ध अनुदान और अवस्थापना सुविधाओं के बारे में बताया। लीड बैंक प्रबंधक अनिल कुमार ने पशुधन ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड और पशुधन बीमा की उपयोगिता समझाई। कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. दीपक शर्मा ने पशु उत्पादों के विपणन और आय बढ़ाने के उपाय बताए, जबकि पराग के महाप्रबंधक विनोद कुमार ने डेयरी संचालन से जुड़ी तकनीकी जानकारी साझा की। सम्मेलन में 100 से अधिक पशुपालकों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना 2026-27 तथा मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना 2025-26 के पात्र लाभार्थियों को चयन पत्र वितरित किए गए। वर्ष 2024-25 के लाभार्थी प्रियांशु राठी ने अपने अनुभव साझा करते हुए सफल डेयरी संचालन के व्यावहारिक सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया तथा अंत में डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts