माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़े में शिल्पकारों को योजनाओं की दी जानकारी,

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के नौवें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित “माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़ा” के तहत शनिवार को रुड़की रोड स्थित कंबल कारखाना परिसर में माटीकला जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल सिंह निर्वाल ने की, जबकि नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मुख्य अतिथि और वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर खटीक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य माटीकला बोर्ड की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार, मिट्टी से बने उत्पादों के उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा माटीकला उद्यमियों को आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोमप्रकाश ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, निःशुल्क टूलकिट वितरण योजना, कौशल विकास योजना, विपणन विकास सहायता योजना, माइक्रो माटीकला कॉमन फैसिलिटी सेंटर, माटीकला पुरस्कार योजना तथा पंजीकरण एवं आंकड़ा संग्रहण योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि मिट्टी शिल्पकारों की प्रगति देखकर खुशी होती है और उन्हें विभागीय अधिकारियों के संपर्क में रहकर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। अध्यक्षता कर रहे डॉ. वीरपाल सिंह निर्वाल ने अंत्योदय की भावना पर बल देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और माटीकला बोर्ड की योजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशिष्ट अतिथि सुधीर खटीक ने भी शिल्पकारों से बोर्ड की योजनाओं से जुड़कर अपने रोजगार को मजबूत बनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोमप्रकाश ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, माटी शिल्पकारों और लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक, डूडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts