मुजफ्फरनगर। पुरकाज़ी नगर पंचायत सभागार में बोर्ड बैठक आयोजित हुई, जिसमें 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के साथ कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। बैठक में नगर के विकास और आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने पर जोर दिया गया। बताया गया कि 15 अगस्त के उपलक्ष्य में सूली वाला बाग से लेकर नगर के प्रमुख मार्गों तक देशभक्ति गीतों का प्रसारण कराया जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने की बात कही गई। बैठक में नगर की साफ-सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई।इसके अलावा कांवड़ यात्रा के दौरान नगर में शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों की समीक्षा की गई। कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों को कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया।
बोर्ड बैठक में सभासदों ने नगर की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे भी उठाए। संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान कराने पर जोर दिया गया। बैठक में स्वतंत्रता दिवस और कांवड़ यात्रा दोनों आयोजनों को लेकर नगर पंचायत स्तर पर बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्णय लिया गया।























































