मुजफ्फरनगर: जलापूर्ति सुधार के लिए वार्ड 48 में नए नलकूप निर्माण कार्य का शुभारंभ

मुजफ्फरनगर में आगामी गर्मियों को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति को बेहतर बनाने के लिए नये नलकूपों के कार्य की शुरुआत कर दी है। शनिवार सुबह वार्ड 48 में जलापूर्ति को सुचारू एवं नियमित बनाए रखने के उद्देश्य से नए नलकूप के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वार्ड सभासद शौकत अंसारी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने वर्षों से चली आ रही जलापूर्ति समस्या के समाधान के लिए चेयरपर्सन का स्वागत किया और उनकी कार्यप्रणाली की सराहना की।

वार्ड 48 के अंतर्गत मौहल्ला लद्दावाला, शाहबुद्दीनपुर रोड सहित कई क्षेत्रों में जलापूर्ति की समस्या बनी हुई थी, जिसे दूर करने के लिए नया नलकूप स्थापित करने का कार्य शुरू किया गया। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने फीता काटकर बोरिंग कार्य का शुभारंभ किया और बताया कि इस साल गर्मियों में शहरी जलापूर्ति को बेहतर करने के लिए नए नलकूपों की स्थापना के साथ-साथ नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि 10 एचपी क्षमता वाले इस नलकूप की स्थापना पर 15वें वित्त आयोग से करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और ठेकेदार को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके।

इस अवसर पर वार्ड सभासद शौकत अंसारी ने चेयरपर्सन की कार्यशैली और सभी को साथ लेकर चलने की नीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि शहरवासियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि मीनाक्षी स्वरूप जैसी कुशल चेयरपर्सन मिली हैं। वर्षों से जलापूर्ति बाधित रहने के कारण क्षेत्रवासियों को असुविधा हो रही थी, लेकिन अब नया नलकूप बनने से समस्या का समाधान होगा और गर्मियों से पहले ही यह जनता के लिए एक बड़ी सौगात होगी।

इस कार्यक्रम में नगरपालिका के एई जलकल सुनील कुमार, जेई जलकल धर्मवीर सिंह, समाजसेवी विवेक गर्ग, शफीक थानवी, मेहर इलाही, इमरान, शाहनवाज, इरफान अब्बासी, नाजिम सलमानी, नफीस मास्टर, तरन्नुम अहमद, तनवीर अंसारी, सरसार खान, बंदा धोबी, नौशाद अंसारी, सनव्वर अंसारी और डॉ. अल्ताफ समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts