सर्वसमाज सर्वखाप पंचायत सोरम के लिए अलावलपुर माजरा व करवाड़ा गांव में भंडारे का शुभारंभ

मुजफ्फरनगर। आगामी 16, 17 और 18 नवम्बर को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता और समाधान पर आधारित होने वाली सर्वसमाज सर्वखाप पंचायत सोरम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में अलावलपुर माजरा और करवाड़ा गांव में लगाए गए तीन दिवसीय सतत चलने वाले ढाबे/भंडारे का शुभारंभ भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार (RLD) ने संयुक्त रूप से किया। यह आयोजन पूर्व मंत्री योगराज सिंह और ग्रामवासियों के सौजन्य से संभव हो पाया है, जिन्होंने बड़े स्तर पर व्यवस्था का जिम्मा संभाला है।

भंडारे के उद्घाटन अवसर पर सर्व खाप मंत्री सुभाष बालियान, रालोद मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, युवा अध्यक्ष निशांत बालियान, मागेराम अध्यक्ष, महीपाल सिंह, सजीव प्रधान, संजय शर्मा, सुधीर प्रधान, मनीष प्रधान, विकास बालियान, यशपाल प्रधान सहित क्षेत्र के अनेक प्रधानगण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने पंचायत की महत्ता, सामाजिक समरसता और प्रदेश में बढ़ रही जागरूकता की आवश्यकता पर अपने विचार रखते हुए ग्रामवासियों की इस पहल की सराहना की।

इस तीन दिवसीय विशाल आयोजन का उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने, जनजागरण फैलाने, सर्वसमाज को एक मंच पर जोड़ने और परंपरागत खाप पंचायतों के माध्यम से सकारात्मक संदेश देने पर केंद्रित है। बड़ी संख्या में ग्रामीण व विभिन्न समाजों के लोग इस पंचायत में शामिल होने वाले हैं, जिसके लिए तैयारियां लगातार तेज़ी से की जा रही हैं।

अलावलपुर माजरा और करवाड़ा गांव के ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है कि तीनों दिन आने वाले हर व्यक्ति के लिए भोजन, जलपान और रुकने की संपूर्ण व्यवस्था करवाई जाएगी, ताकि कोई भी आगंतुक असुविधा का सामना न करे। गांवों में भंडारे के लिए विशेष पंडाल लगाए गए हैं, जहां 24 घंटे भोजन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। यह पहल सर्वसमाज की एकता और भाईचारे को मजबूत करने का उदाहरण मानी जा रही है।

पंचायत में शामिल होने वालों की सुविधा के लिए स्थानीय स्तर पर स्वच्छता, सुरक्षा और परिवहन व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पंचायत के आयोजक मंडल ने बताया कि समाज में बढ़ती विभाजनकारी प्रवृत्तियों और कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए लोगों का एकजुट होना समय की मांग बन चुका है। सोरम में होने वाली यह पंचायत समाज सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

ग्रामवासियों के उत्साह और आयोजकों की मेहनत से यह स्पष्ट है कि यह तीन दिवसीय पंचायत न केवल क्षेत्रीय स्तर पर बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक मजबूत सामाजिक संदेश देने का काम करेगी। आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में लोगों के सोरम पहुंचने की उम्मीद है, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन सकता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts