मुजफ्फरनगर के बेलडा गांव स्थित साईं धाम मंदिर में भव्य धार्मिक वातावरण के बीच गणेश जी महाराज, भगवान भोलेनाथ और साईं जी की मूर्तियों की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मूर्तियों का माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की तथा मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आध्यात्मिक चेतना मनुष्य के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है। आध्यात्मिक मार्ग पर चलने से मन की शुद्धि होती है और व्यक्ति के भीतर मौजूद नकारात्मक भाव एवं विकार धीरे-धीरे समाप्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर और धार्मिक स्थल समाज को एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं तथा लोगों को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति की ओर से डा. वीरपाल निर्वाल सहित अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह स्वरूप मूर्ति भेंट कर सम्मानित किया गया। मंदिर के संस्थापक कृष्ण चन्द भगत ने बताया कि मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के बाद नियमित रूप से पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को आध्यात्मिक वातावरण प्राप्त होगा। कार्यक्रम में मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य सुभाष नायक, प्रदीप नायक, निवर्तमान भाजपा मंडल अध्यक्ष सतनाम सिंह नायक, चंद्रकिरण नायक, शिव चरण नायक, विष्णु दत्त नायक, सुशील नायक, भाजपा पदाधिकारी रामकुमार शर्मा और रविन्द्र चौधरी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति संगीत, मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर समिति ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।















