सहारनपुर। मण्डलायुक्त अटल कुमार राय की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों, वृक्षारोपण की जियोटैगिंग, कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मण्डल के तीनों जिलों सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व शामली के विभागीय कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया।
मण्डलायुक्त ने खराब रैंकिंग वाले विभागों को जल्द सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सी और डी कैटेगरी में शामिल विभाग ए और बी रैंक के लिए प्रयास करें, जबकि ए श्रेणी में आने वाले विभाग अपनी स्थिति को बनाए रखें। पर्यटन, पंचायती राज, प्राथमिक शिक्षा और लोक निर्माण विभाग की खराब रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए उन्हें चेतावनी दी गई।
नदियों के पुनरुद्धार को जनांदोलन का रूप देने की अपील करते हुए उन्होंने उद्यमियों व सामाजिक संगठनों की भागीदारी पर बल दिया। ई-ऑफिस के संचालन में लापरवाही न बरतने, पुलिस की सहायता से अतिक्रमण हटाने और प्लास्टिक युक्त सड़कों के निर्माण की दिशा में ठोस कार्यवाही के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन फेज 2 में व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूर्ण किया जाए और कूड़ा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाए। निराश्रित गोआश्रय स्थलों में जलभराव न होने देने और गोवंश को रोगों से बचाने की दिशा में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
राजस्व वसूली में ढिलाई बरतने पर आबकारी, मण्डी, खनिज, वाणिज्य, ऊर्जा एवं परिवहन विभागों पर नाराजगी जाहिर की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग लक्ष्य के अनुरूप तेजी से कार्य करें, ताकि बैकलॉग न बढ़े। डुप्लीकेट नंबर प्लेट वाली गाड़ियों पर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई और फार्मर रजिस्ट्री का प्रचार-प्रसार भी प्राथमिकता में शामिल रहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, विनय तिवारी, अपर आयुक्त प्रशासन रमेश यादव, अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह, सलिल कुमार पटेल, संजय कुमार सिंह, डीएफओ शुभम सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त दुष्यंत कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के मण्डल व जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।















