ठंड में मुजफ़्फरनगर नगर पालिका सक्रिय, अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने रात में किया रैन बसेरों का औचक निरीक्षण

मुजफ्फरनगर में बढ़ती ठंड और घने कोहरे के बीच बेघर तथा असहाय लोगों के लिए रैन बसेरे और अलाव जीवनरक्षक साबित हो रहे हैं। जिले में तापमान लगातार गिर रहा है, ऐसे में नगरपालिका परिषद ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जरूरतमंदों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। इसी व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अधिकारियों के साथ देर रात शहर के स्थाई और अस्थाई रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि ठंड की मार झेल रहे किसी भी निराश्रित को खुले में सोने के लिए मजबूर होना पड़े और सभी को सुरक्षित एवं गर्म आश्रय मिल सके।निरीक्षण के दौरान मीनाक्षी स्वरूप ने अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, अवर अभियंता कपिल कुमार और अन्य अधिकारियों के साथ शहर की प्रमुख सड़कों, रेलवे स्टेशन और कई सार्वजनिक स्थलों पर बने रैन बसेरों का दौरा किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। सफाई व्यवस्था, अलाव की उपलब्धता, नए बिस्तर, रजाई और कंबल जैसी मूलभूत आवश्यकताओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने रैन बसेरा संचालित कर रही एनजीओ टीम को भी निर्देशित किया कि ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए किसी भी सुविधा में कमी रहने पाए और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्था तुरंत उपलब्ध कराई जाए।पालिका अध्यक्ष ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सार्वजनिक अलाव स्थलों की स्थिति भी देखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ठंड के मौसम में नियमित निगरानी बेहद जरूरी है, इसलिए प्रत्येक विभाग हर रात निरीक्षण सुनिश्चित करे, ताकि किसी भी जरूरतमंद को गर्माहट और सुरक्षा समय पर मिल सके। नगरपालिका ने पहले ही रैन बसेरों में विशेष सफाई अभियान चला रखा है। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार पेंटिंग, मरम्मत तथा अन्य अवसंरचनात्मक सुधार कार्य भी तेजी से पूर्ण किए जा रहे हैं, ताकि आश्रय स्थल और अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और उपयोगी बन सकें।मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता है कि कोई भी बेसहारा और निराश्रित व्यक्ति ठंड में सड़कों पर रात बिताने के लिए मजबूर हो। इसी दिशा में नगरपालिका लगातार काम कर रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर जरूरतमंद को गर्म बिस्तर, कंबल और सुरक्षित आश्रय मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में जरा सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह नगरपालिका का संकल्प है कि इस कठोर सर्दी में मुजफ्फरनगर का कोई भी व्यक्ति बिना सुविधा और संरक्षण के रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि मानवता और संवेदनशीलता के साथ सेवा देना ही प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, और नगरपालिका पूरी निष्ठा के साथ इस दिशा में काम कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts