शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा नहर पर देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी को गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है।

नाबालिग से कुकर्म के मामले में थी तलाश
सीओ बुढाना गजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि बीते रविवार को गांव कसेरवा में एक नाबालिग किशोर के साथ कुकर्म की घटना हुई थी। इस मामले में नामजद आरोपी आरिफ पुत्र अजबदीन की तलाश में थाना प्रभारी दीपक चौधरी और कस्बा चौकी प्रभारी धर्मेंद्र श्योराण के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार अभियान चला रही थी।
गन्ने के खेत में छिपकर की फायरिंग
रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कसेरवा नहर के पास एक ट्यूबवेल के पास छिपा हुआ है। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी ने गन्ने के खेत में छिपकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिससे आरिफ के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया।
शातिर अपराधी है आरोपी
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी आरिफ शातिर किस्म का अपराधी है। वह पहले भी एक बच्ची से दुष्कर्म के मामले में संलिप्त रह चुका है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल, आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















