रामगढ़ कस्बे के अलवर-दिल्ली मार्ग स्थित रघुवंश रिसोर्ट में नगर पालिका क्षेत्र के सुव्यवस्थित विकास एवं समस्याओं के समाधान को लेकर पूर्व पार्षदों व स्थानीय विधायक सुखवंत सिंह के साथ मिलन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ की गई। उपखंड अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार भी इस अवसर पर मौजूद रहे। पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाज के अनुसार अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
पूर्व पार्षदों ने नगर पालिका के अस्तित्व से लेकर उसके भंग होने तक की कई समस्याओं को उजागर किया और कहा कि पिछले चार वर्षों में यह पहली बार है जब सभी पूर्व पार्षद एक मंच पर आए हैं। इस दौरान पूर्व पार्षदों ने अपने कार्यकाल का पूर्ण मानदेय दिलाने पर विधायक को धन्यवाद दिया। पूर्व जनप्रतिनिधि राजकुमार यादव ने नगर पालिका में करोड़ों रुपए के बजट के दुरुपयोग और नपा की जमीनों पर कब्जों के मामलों को उजागर किया। उन्होंने कस्बे के स्कूल, खेल मैदान और कॉलेज की जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण की ओर भी प्रशासन का ध्यान दिलाया।
सफाई व्यवस्था और सफाई घोटाले को लेकर भी कई गंभीर सवाल उठाए गए, साथ ही नजूल संपत्तियों के बेहतर उपयोग के लिए सुझाव दिए गए। विधायक सुखवंत सिंह ने आश्वासन दिया कि पूर्व पार्षदों के सुझावों को प्राथमिकता देते हुए विकास के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त अध्यापक अजीत जैन ने किया। इस अवसर पर कई पूर्व पार्षद, पत्रकार और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।















