मुजफ्फरनगर में राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने की जनसुनवाई, 11 शिकायतों पर दिए निस्तारण के निर्देश

मुजफ्फरनगर के सदर ब्लॉक सभागार कूकड़ा में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप के आगमन पर अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान महिलाओं से जुड़े मामलों को लेकर विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें आयोग सदस्य के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 11 प्रार्थना पत्र और शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए उनके शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पूर्व में प्राप्त प्रकरणों की भी समीक्षा की गई और लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम और बैठक का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया। जनसुनवाई के दौरान महिला सुरक्षा और सहायता से जुड़े टोल फ्री और हेल्पलाइन नंबरों के कैलेंडर भी उपस्थित महिलाओं और अधिकारियों को वितरित किए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं आसानी से सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के बाद सपना कश्यप ने कूकड़ा स्थित एएनएम ट्रेनिंग सेंटर का भी भ्रमण किया, जहां प्रिंसिपल सरिता सिंह और सेंटर के स्टाफ ने उन्हें लाइव प्लांट भेंट कर स्वागत किया। भ्रमण के दौरान प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी भी ली गई।

जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। महिला कल्याण विभाग से जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, स्वास्थ्य विभाग से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला कारागार से डिप्टी जेलर दीपक कुमार, पुलिस विभाग से पुलिस उपाधीक्षक रुपाली रॉय चौधरी, प्रभारी महिला थाना, उप निरीक्षक ज्योति यादव, उप निरीक्षक प्रीति चाहल, उप निरीक्षक ज्योति तोमर और उप निरीक्षक बबली सिंह ने भाग लिया। इसके अलावा आपूर्ति विभाग, राजस्व विभाग, विकास विभाग, श्रम विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला, सोशल वर्कर रेणु रानी, पूनम शर्मा तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय से सचिन कुमार, नाथी राम, अरुण कुमार, नितिन त्यागी और अजय कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts