मुजफ्फरनगर। जिला मुख्यालय स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया द्वारा जनता दर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों ने अपने-अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को उनके समक्ष रखा। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कठिनाइयों के समाधान की मांग की।डॉ. सुनील तेवतिया ने सभी उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और सहानुभूति के साथ सुना। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता द्वारा प्रस्तुत शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण किया जाए ताकि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अधिकारियों को यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई पाई जाती है, तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, इसके लिए अधिकारियों को त्वरित संज्ञान लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।जनता दर्शन के दौरान डॉ. तेवतिया ने नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग जनता की सेवा के लिए ही हैं। इसलिए लोग निडर होकर अपनी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें सीधे विभाग तक पहुँचाएं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक पहुँच सके। उन्होंने यह भी बताया कि जनता की सक्रिय भागीदारी से ही स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी और सुगम बनाया जा सकता है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता, औषधि उपलब्धता और चिकित्सकों की उपस्थिति को लेकर नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत सामने आने पर तत्काल कार्रवाई हो।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह भी कहा कि विभाग जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की ताकि मुजफ्फरनगर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और जनसुलभ बनाया जा सके। जनता दर्शन कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित नागरिकों ने डॉ. तेवतिया के जनहितैषी रवैये की सराहना की।















