मुजफ्फरनगर में 63 करोड़ की लागत से बनी काऊ सेंचुरी का लोकार्पण, देश में बनेगी रोल मॉडल

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी ब्लॉक के ग्राम तुगलकपुर कम्हेड़ा में 42 एकड़ में बनी 63 करोड़ रुपये की लागत वाली काऊ सेंचुरी (गौ अभ्यारण्य) का लोकार्पण केंद्रीय पशुपालन राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल और उत्तर प्रदेश के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया। इस अवसर पर 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कृत्रिम गर्भाधान केंद्र और कृषक प्रशिक्षण केंद्र का शिलान्यास भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं मुजफ्फरनगर के पूर्व सांसद डॉ. संजीव बालियान ने की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2022 में निराश्रित पशुओं को लेकर जताई गई चिंता के बाद इस काऊ सेंचुरी की परिकल्पना की गई थी और मात्र सात महीने में यह संस्थान बनकर तैयार हो गया। इस सेंचुरी का संचालन श्री गोवर्धन गौ सेवा समिति द्वारा किया जा रहा है।

इस मौके पर आयोजित जनसभा में डॉ. बालियान ने सेंचुरी संचालन में सहयोग कर रहे सभी ट्रस्टियों, आजीवन सदस्यों एवं पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंत्रीगण बैलगाड़ी में बैठकर गौ अभ्यारण्य परिसर का निरीक्षण करते हुए शेड में पहुंचे और गाय-बछड़ों को अपने हाथों से पुचकारा भी। एसपी सिंह बघेल ने कहा कि यह काऊ सेंचुरी देश में अपने आप में अनूठी है और वे आगरा में भी ऐसी सेंचुरी बनाने का संकल्प लेकर जा रहे हैं। पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने इसे आत्मनिर्भर गौ अभ्यारण्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि यह मॉडल अन्य जनपदों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।

कार्यक्रम में यूपी के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर, विधायक मिथिलेश पाल, पूर्व विधायक उमेश मलिक, महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष शर्मा, गौरव स्वरूप सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव विपुल भटनागर ने किया और समिति के अध्यक्ष कुशपुरी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

काऊ सेंचुरी के संचालन से मुजफ्फरनगर में निराश्रित पशुओं की समस्या में काफी हद तक राहत मिली है और जब यहां 5000 पशुओं की क्षमता पूरी तरह भर जाएगी, तो यह समस्या लगभग समाप्त हो जाएगी। यह गौ अभ्यारण्य न केवल पशुपालन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर है, बल्कि देशभर के लिए एक प्रेरणास्रोत भी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts