मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र के कूकड़ा मंडल अंतर्गत ग्राम मखियाली में आयोजित जन चौपाल में मंत्री कपिल देव ने बजट 2026-27 को किसानों के लिए ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह बजट कृषि, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों की आय बढ़ाना, खेती की लागत कम करना और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि को लाभकारी बनाना है।मंत्री कपिल देव ने कहा कि सरकार “हर खेत को पानी” अभियान को नई गति देने के लिए संकल्पित है। इसके तहत सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं को बढ़ावा देने और वर्षों से लंबित पड़ी सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए बजट में विशेष धनराशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होने से किसानों की फसल उत्पादकता बढ़ेगी और उन्हें मौसम पर कम निर्भर रहना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि उन्नत और प्रमाणित बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने, मृदा स्वास्थ्य सुधार और उर्वरक सब्सिडी के माध्यम से खेती की लागत घटाने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। इससे छोटे और सीमांत किसानों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने, ड्रोन तकनीक, डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन, प्रिसिजन फार्मिंग और कृषि स्टार्टअप को प्रोत्साहित कर युवाओं को खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री कपिल देव ने कहा कि AI आधारित फसल सलाह, मौसम पूर्वानुमान, रोग पहचान, मिट्टी विश्लेषण और स्मार्ट सिंचाई प्रबंधन जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाया जा रहा है। इससे किसानों को सही समय पर सही निर्णय लेने में मदद मिलेगी, उत्पादन में वृद्धि होगी और अनावश्यक खर्च में कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित और बेहतर मूल्य दिलाने के लिए आधुनिक वेयरहाउस, कोल्ड चेन, भंडारण क्षमता के विस्तार और मजबूत कृषि विपणन अवसंरचना के विकास पर बजट में विशेष जोर दिया गया है। इससे फसल की बर्बादी रुकेगी और किसान बाजार की मजबूरी से मुक्त होकर अपनी उपज बेच सकेंगे।मंत्री कपिल देव ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड का दायरा और अधिक बढ़ाया जाएगा, सस्ती दरों पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाएगा तथा ब्याज अनुदान और फसल बीमा योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि प्राकृतिक आपदा या नुकसान की स्थिति में किसानों को त्वरित राहत मिल सके। इसके साथ ही पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और मधुमक्खी पालन को आय के वैकल्पिक स्रोत के रूप में विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा।
जन चौपाल के दौरान ग्राम मखियाली और चांदपुर से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें सुनकर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए। अपने संबोधन के समापन में उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि, क्षेत्र का समग्र विकास और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सरकार का मुख्य उद्देश्य है।कार्यक्रम में आंचल तोमर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, वीरपाल, संदीप प्रधान, योगेश प्रधान, शीशपाल, ओमपाल कटारिया, राकेश बीडीसी, जयनंद कश्यप, रामकुमार शर्मा, जयवीर, करण बाबा, कल्लू बाबा, प्रमोद, परमिंदर, प्रमोद राठी चेयरमैन, संजीव उर्फ कल्लू प्रधान कूकड़ा, मोनू, दिनेश बिलासपुर, अमित रोडवेज, अनुज, सुनील प्रधान चांदपुर, सुधीर आर्य, अरविंद कश्यप, विक्की चौधरी चांदपुर, अशोक मैनेजर चांदपुर, रविंद्र प्रधान भंडूरा, सोनू पाल सिखरेड़ा, घीर सिंह सैनी, हरेंद्र पाल निवर्तमान मंडल अध्यक्ष कूकड़ा, अमित शास्त्री मंडल अध्यक्ष कूकड़ा, सुशील गोयल मंडल महामंत्री, नरेश प्रजापति मंडल महामंत्री, विशाल खोखर मंडल उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
















