परेड से लेकर मेस तक निरीक्षण, पुलिस लाइन में व्यवस्थाओं की हुई गहन समीक्षा

मुजफ्फरनगर रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने परेड की सलामी ली। परेड का उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता को बनाए रखना रहा। परेड का संचालन क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव द्वारा किया गया। परेड में उपस्थित पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने का संदेश देते हुए मैदान में दौड़ कराई गई तथा टोलीवार ड्रिल करवाई गई।

परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों का टर्नआउट चेक किया और शस्त्रों के सही संचालन व रखरखाव का अभ्यास कराया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने उपकरणों और हथियारों की नियमित जांच करने तथा उन्हें सदैव दुरुस्त स्थिति में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुशासन और तत्परता ही पुलिस बल की सबसे बड़ी ताकत होती है, जिसे हर हाल में बनाए रखना आवश्यक है।परेड के पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में उपलब्ध सभी वाहनों की जांच कराई गई। वाहनों के हूटर, लाइट, वायरलेस उपकरणों और प्राथमिक चिकित्सा किट की स्थिति का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और वाहन चालकों को आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों को रिस्पांस टाइम बेहतर रखने, निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचने और सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद पुलिसकर्मियों के रहन-सहन और मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भोजनालय और बैरकों का निरीक्षण किया तथा पुलिसकर्मियों के साथ मेस में भोजन कर भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने भोजन की स्वच्छता और पौष्टिकता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वस्थ पुलिसकर्मी ही बेहतर सेवा दे सकता है।

निरीक्षण क्रम में मोटर परिवहन शाखा का भी निरीक्षण किया गया। यहां वाहनों के रखरखाव, साफ-सफाई और रजिस्टरों की जांच की गई तथा संबंधित कर्मियों को रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त यातायात लाइन, क्वार्टर गार्द, आर्मरी, पुलिस कैफे और लाइब्रेरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आदेश कक्ष में अधिकारी और कर्मचारियों का अर्दली रूम लिया। इस दौरान रजिस्टर और अभिलेखों की गहन जांच की गई तथा कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पूरे निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts