औरैया में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) औरैया इकाई द्वारा तिलक महाविद्यालय परिसर में भावपूर्ण ‘रक्षाबंधन उत्सव’ का आयोजन किया गया। इस आयोजन में छात्रा कार्यकर्ताओं ने छात्रों को तिलक कर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा और पर्व के महत्व को बताया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि उत्सव के उपरांत छात्राओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, क्षेत्राधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों को भी तिलक कर रक्षा सूत्र बांधा। अधिकारियों ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए बहनों को उपहार दिए और उनकी सुरक्षा की गारंटी के साथ उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छात्रा कार्यकर्ताओं ने बताया कि अधिकारीगण अपने कर्तव्यों के कारण कई बार रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक त्योहार पर घर नहीं जा पाते, ऐसे में उन्हें राखी बांधकर परिवार का एहसास कराया गया। इस अवसर पर एबीवीपी की नगर मंत्री मणि चौहान, सह मंत्री रीत अवस्थी, इकाई मंत्री गुलशन खान, प्रिया, अंजली सिंह, सुदीप चौहान, भानु प्रताप और आशुतोष तिवारी समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह पहल युवाओं में सेवा, संवेदनशीलता और राष्ट्रीय भावना के गहरे भाव को उजागर करती है।















