मुज़फ्फरनगर के बुढाना थाना क्षेत्र के ग्राम उकावली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी सगी बहन की फावड़े से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के इरादे से अपने परिजनों और गांव के कुछ अन्य लोगों की मदद से शव को गांव के श्मशान में ले जाकर जला दिया। इस घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, बुढाना पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर अधजले शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके पर पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेज दिया है।बीट आरक्षी की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बुढाना पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। यह मामला मु0अ0स0 257/2025, धारा 103(1)/238 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज किया गया है। इसमें मृतका के सगे भाई अर्जुन, पिता, चचेरे भाई समेत गांव के अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद बुढाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जघन्य अपराध में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी अर्जुन सहित अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया है। अधिकारीगण का कहना है कि सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है और लोग इस क्रूरता से स्तब्ध हैं कि एक भाई ने अपनी ही बहन की जान ले ली। ग्रामीणों के अनुसार, परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव था, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि मामला इतना गंभीर रूप ले लेगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।















