मल्लूपुरा में बीएलओ की महत्वपूर्ण बैठक, नगर मजिस्ट्रेट ने दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर। नगर क्षेत्र के मोहल्ला मल्लूपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय गंगारामपुर बालक में मंगलवार को नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप की अध्यक्षता में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी मतदाता सूची संशोधन कार्यक्रम को सटीक और सफल तरीके से सम्पन्न कराना था। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट ने सभी बीएलओ को SIR फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई और बताया कि फॉर्म भरते समय निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और इसे सही और अद्यतन रखना हर बीएलओ की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करें और उनका विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें। जिन नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में दिक्कत आती है, उन्हें बीएलओ पूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करें ताकि किसी योग्य मतदाता का नाम सूची से न छूटे।

नगर मजिस्ट्रेट ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद अन्य अधिकारियों ने भी क्षेत्र में जनसहयोग सुनिश्चित करने और मतदाता जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।बैठक के अंत में नगर मजिस्ट्रेट ने सभी बीएलओ से अपेक्षा जताई कि वे ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे, जिससे मतदाता सूची अधिक सटीक और विश्वसनीय बन सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts