रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 17 फरवरी 2026 को कर्नाटक के बेंगलुरु में फ्रांस की सशस्त्र सेना और पूर्व सैनिक मामलों की मंत्री कैथरीन वौट्रिन के साथ छठे भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की व्यापक समीक्षा की जाएगी। विशेष रूप से रक्षा औद्योगिक सहयोग के विस्तार, संयुक्त उत्पादन और तकनीकी साझेदारी पर चर्चा केंद्रित रहने की संभावना है।
बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग समझौते को अगले दस वर्षों के लिए नवीनीकृत किए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा हैमर मिसाइलों के निर्माण के लिए एक संयुक्त उद्यम स्थापित करने संबंधी समझौता ज्ञापन पर भी दोनों रक्षा मंत्रियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर हो सकते हैं। यदि यह समझौता होता है तो भारत में उन्नत हथियार प्रणालियों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन को मजबूती मिलेगी।भारत और फ्रांस के बीच रक्षा क्षेत्र पारंपरिक रूप से संबंधों का एक मजबूत स्तंभ रहा है। वर्ष 2024-2025 के दौरान कई उच्चस्तरीय आदान-प्रदानों ने इस रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ किया है। जुलाई 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैस्टिल दिवस परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया था। इसके बाद फ्रांस के राष्ट्रपति ने गणतंत्र दिवस परेड 2024 में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जिससे दोनों देशों के बीच विश्वास और सहयोग का स्तर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
हाल ही में संपन्न भारत-यूरोपीय संघ सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी समझौते ने यूरोपीय देशों के साथ सामूहिक सहयोग को नई दिशा दी है। भारत और फ्रांस के बीच सैन्य सहयोग लगातार बढ़ रहा है। दोनों देश नियमित रूप से तीन प्रमुख संयुक्त सैन्य अभ्यास आयोजित करते हैं – थल सेना के बीच शक्ति अभ्यास, नौसेना के बीच वरुणा अभ्यास और वायु सेना के बीच गरुड़ अभ्यास। इसके अतिरिक्त समय-समय पर अन्य अवसरात्मक अभ्यास भी आयोजित किए जाते हैं, जो परिचालन समन्वय और रणनीतिक समझ को मजबूत करते हैं।
12 अक्टूबर 2025 को फ्रांस की रक्षा मंत्री बनने के बाद कैथरीन वौट्रिन की यह पहली भारत यात्रा होगी। भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा वार्ता एक संरचित मंत्रिस्तरीय बैठक है, जिसका उद्देश्य रक्षा और सुरक्षा सहयोग की समीक्षा तथा भविष्य की दिशा तय करना है। इस वार्ता का पांचवां संस्करण 11 से 13 अक्टूबर 2023 के बीच फ्रांस में आयोजित किया गया था।















