उदयपुर में 50 बीघा में उगाई अवैध अफीम-गांजा की फसल जब्त, 100 करोड़ से ज्यादा की बरामदगी

उदयपुर में राज्य की अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 50 बीघा जमीन पर उगाई गई अवैध अफीम डोडा और गांजे की फसल जब्त की है। ‘ऑपरेशन अंतः स्फोट’ के तहत कोटड़ा उपखंड के मांडवा थाना क्षेत्र सहित आसपास के पांच गांवों में संयुक्त टीम ने दबिश दी। पुलिस के अनुसार बरामद फसल की बाजार कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। दुर्गम पहाड़ी इलाकों और नदी-नालों से घिरे क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान के दौरान टीम को करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर मौके तक पहुंचना पड़ा। अचानक हुई कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया और कई लोग खेत छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है,

जबकि मुख्य सरगना अभी पकड़ से बाहर है। अधिकारियों का कहना है कि खेतों में बड़ी संख्या में नशीले पौधे खड़ी फसल की आड़ में उगाए जा रहे थे। कार्रवाई में मांडवा, बेकरिया, कोटड़ा और गोगुंदा थानों की पुलिस शामिल रही। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह नेटवर्क केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि कम दाम में माल खरीदकर अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने वाले बड़े तस्करों से जुड़ा हो सकता है। क्षेत्र में इतनी व्यापक खेती पाई गई है कि लगातार कई दिनों तक उखाड़ने की कार्रवाई चलानी पड़ सकती है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचने और फरार सरगनाओं की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाश अभियान चला रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts